
स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

चकराता क्षेत्र के टोंस वन प्रभाग से जुड़े बंगाण क्षेत्र के देवती गांव के पास जंगल में लगी आग बगीचों तक फैल गई, जिससे आठ किसानों के सेब के बगीचे पूरी तरह जलकर राख हो गए।


जानकारी के अनुसार आग में लगभग चार सौ फलदार पेड़ और पौधे जल गए, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना के बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर घंटों मेहनत की और किसी तरह आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों के अनुसार देवती गांव के चारों ओर चीड़, कैल और देवदार के घने जंगल हैं। चीड़ के जंगल से फैली आग इतनी तेज़ थी कि देखते ही देखते यह बगीचों तक पहुंच गई और कई किसानों के बगीचे जलकर राख हो गए।

इस आग से प्रभावित किसान हैं: सेनसिंह, विक्रम, योगेश, जनक सिंह, अजब सिंह, सोबन सिंह, कुमदास और दीपू। इन सभी किसानों के बगीचों में लगे सेब के पेड़ पूरी तरह नष्ट हो गए।

घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तुरंत नुकसान का सर्वे और मुआवजा देने की मांग की है।
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि जंगल में आग लगने की घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, खासकर सूखे मौसम में। साथ ही अधिकारियों ने आग से प्रभावित इलाकों में सतर्क रहने और आग फैलने की स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।

