पांखू में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के विरोध में निकाली चेतावनी रैली

पांखू में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के विरोध में निकाली चेतावनी रैली

स्थान -पिथौरागढ़ 

ब्यूरो रिपोट

पांखू, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के पुंगराऊं घाटी के पांखू क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर महिलाओं ने आज चेतावनी रैली निकाली और शराब माफिया को कड़ा संदेश दिया। रैली के माध्यम से महिलाओं ने अवैध रूप से शराब बेचने वालों को समय रहते संभल जाने की दो टूक नसीहत दी।

रैली में महिलाओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नारे लगाए जैसे “शराब माफिया होश में आओ, शराब नहीं विकास चाहिए”, “शराब पी और पिलाई तो खैर नहीं” और “शराब बेची और पी तो होगा उसका सामाजिक बहिष्कार।”

जिला पंचायत सदस्य विमला देवी के नेतृत्व में यह रैली पंचायत घर से पांखू बाजार तक चली। महिलाओं ने बताया कि बाहरी क्षेत्र से वाहनों में शराब लाकर यहां बेची जा रही है, जिससे युवाओं और गरीब परिवारों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। शादी और अन्य समारोहों में शराब के बढ़ते प्रचलन से आपसी कलह भी बढ़ रही है।

महिला मंगल दल ने पिछले तीन हफ्तों से अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्व में दो बैठकों में प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करते पकड़े जाने वालों पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही शादी समारोह में शराब पीने और पिलाने वाले का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।

रैली में भट्टी गांव की प्रधान सोनी रौतेला, लछिमा की प्रधान पूजा पाठक, बैरात जुब्बर की प्रधान जानकी देवी, भावना भट्ट, किरन कार्की, नंदी देवी, पार्वती जोशी, नेहा जोशी, मंजू, गीता, मोहनी, गोविंदी, मुन्नी देवी, मीनाक्षी जोशी, मोहनी जोशी, प्रीति समेत कई अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

महिलाओं ने कहा कि यह रैली शराब माफिया को चेताने और क्षेत्र में सामाजिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।