
स्थान -हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी। जिलाधिकारी के निर्देश पर हल्द्वानी में तीन पानी चौराहे से नरीमन तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को तेज गति देने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने मंडी पुलिस चौकी के स्थानांतरण को लेकर बैठक की।

बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी, मंडी सचिव और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई और मंडी पुलिस चौकी को सड़क से शीघ्र शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।


सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा प्राधिकरण विकास मद से 25 लाख रुपये की धनराशि मंडी पुलिस चौकी निर्माण के लिए स्वीकृत की गई थी। यह राशि लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की गई थी और अब निर्माण कार्य मंडी परिषद द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि आवंटित धनराशि शीघ्र मंडी परिषद को हस्तांतरित की जाए, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिस चौकी भवन में आवश्यक संशोधन किए जाएँ और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) मंडी परिषद को भेजते हुए टेंडर प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए।


सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि तीन पानी से नरीमन तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना समयबद्ध रूप से पूरी हो सके और सड़क चौड़ीकरण का लाभ जनता को शीघ्र मिल सके।

