
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिंदा मरीज को मृत दिखाने के आरोपों से नाराज़ छात्र बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।


छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी अस्पताल गेट पर धरने पर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती एक जिंदा मरीज की फाइल में मृत्यु दर्ज कर दी गई, जो बेहद गंभीर लापरवाही है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि पहले भी अस्पताल पर कई विवादास्पद मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “चंदन अस्पताल मौत का अस्पताल बन गया है” जैसे नारे लगाए और अस्पताल को तत्काल बंद करने की मांग की। इस दौरान अस्पताल परिसर के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल रिकॉर्ड, संबंधित दस्तावेज और स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल इस घटना को लेकर शहर में चर्चा तेज है और सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

