बाल श्रम करते हुए 14 साल के दो किशोरों को किया रेस्क्यू।

बाल श्रम करते हुए 14 साल के दो किशोरों को किया रेस्क्यू।

स्थान -ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोट

देहरादून जिले में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला टास्क फोर्स की टीम ने दो 14 वर्षीय किशोरों को रेस्क्यू किया है। दोनों बच्चे अलग-अलग स्थानों पर काम करते पाए गए। प्रशासन ने उन्हें तत्काल संरक्षण में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई नटराज श्यामपुर बाईपास मार्ग पर चेकिंग के दौरान की गई। टीम ने एक खाने की ठेली पर भोजन परोसते हुए एक 14 साल के किशोर को काम करते हुए पकड़ा। पूछताछ के दौरान किशोर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके अलावा श्यामपुर क्षेत्र में एक मोटर मैकेनिक की दुकान पर भी 14 साल का एक अन्य किशोर काम करता मिला। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे भी बाल श्रम से मुक्त कराया। दोनों मामलों में श्रम विभाग ने सख्ती दिखाई।

रेस्क्यू के बाद दोनों किशोरों को आवश्यक पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों नाबालिग पाए गए और श्रम कानूनों का उल्लंघन स्पष्ट रूप से सामने आया है।

श्रम अधिकारी आनंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों किशोरों को बाल कल्याण समिति देहरादून भेज दिया गया है। साथ ही उनके परिजनों को भी पूरे मामले की सूचना दे दी गई है।

बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है और मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के तहत दोनों किशोरों को आवश्यक लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। उनका पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया गया है।

श्रम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि बाल श्रम को बढ़ावा न दें। किसी भी स्थान पर बाल श्रम की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को जानकारी दें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।