ऋषिकेश पुलिस को मिली बड़ी सफलता ।लगभग 4 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार।

ऋषिकेश पुलिस को मिली बड़ी सफलता ।लगभग 4 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार।

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजियाबाद से नशे की खेप लेकर ऋषिकेश पहुंचा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशानुसार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम देहरादून रोड फ्लाईओवर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी लेने पर उसके बैग से 3 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राम खेलावन उर्फ अभिषेक निवासी जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में गाजियाबाद में रह रहा है। उसे गाजियाबाद के एक टेंपो चालक ने यह बैग ऋषिकेश बस अड्डे पर किसी अज्ञात व्यक्ति को देने के लिए सौंपा था।

आरोपी पहली बार ऋषिकेश आया था और उसे रिसीवर के नाम या पते की जानकारी नहीं थी। केवल हुलिए के आधार पर डिलीवरी की जानी थी। पुलिस अब टेंपो चालक और संभावित रिसीवर की तलाश में जुटी है।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।