ऋषिकेश शिवाजी नगर हत्या मामला: लापरवाही पर विभागीय जांच शुरू, एसपी क्राइम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

ऋषिकेश शिवाजी नगर हत्या मामला: लापरवाही पर विभागीय जांच शुरू, एसपी क्राइम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

स्थान : ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के शिवाजी नगर में प्रीति की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस की संभावित लापरवाही को लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर एसपी क्राइम विशाखा अशोक भदाणे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की।

एसपी क्राइम विशाखा भदाणे शिवाजी नगर स्थित क्राइम स्पॉट पर पहुंचीं, जहां उन्होंने घटनास्थल को बारीकी से देखा और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अहम तथ्य जुटाए। इस दौरान मौके की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली का भी गहन अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम ने अधीनस्थ अधिकारियों से घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और यह भी जाना कि हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस कितनी देर में मौके पर पहुंची। पुलिस के रिस्पांस टाइम को विशेष रूप से नोट किया गया है।

एसपी क्राइम ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके बाद एसपी क्राइम ने मृतका प्रीति के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें निष्पक्ष व पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसपी क्राइम ने पीड़ित पक्ष को यह संदेश भी दिया कि यदि निचले स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं होती है, तो वे सीधे पुलिस मुख्यालय से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस मुख्यालय हर स्तर पर पीड़ितों की बात सुनने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान एसपी देहात जया बलूनी और सीओ पूर्णिमा गर्ग ने एसपी क्राइम को घटना की पूरी जानकारी दी और अब तक की गई कार्रवाई से अवगत कराया। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।