खटीमा पीजी कॉलेज के विंटर कार्निवाल में शामिल हुए सीएम धामी, युवाओं को संस्कृति और नेतृत्व का दिया संदेश

खटीमा पीजी कॉलेज के विंटर कार्निवाल में शामिल हुए सीएम धामी, युवाओं को संस्कृति और नेतृत्व का दिया संदेश

स्थान : खटीमा जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड

रिपोर्टर : अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र संघ के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लम्बिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत की गई है, जो केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा चेतना का संगम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन यह सिद्ध करते हैं कि आज का युवा आधुनिकता के साथ-साथ अपनी जड़ों से भी मजबूती से जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत, भक्ति और संस्कृति के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना ऐसे आयोजनों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस पहल के लिए छात्र संघ की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नेतृत्व क्षमता, संगठन शक्ति और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जिन छात्र-छात्राओं ने आज इस कार्यक्रम का संचालन किया है, वही कल राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि खटीमा मेरे लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा घर, मेरी कर्मभूमि और मेरी पहचान है। खटीमा की मिट्टी ने उन्हें सेवा का संस्कार दिया और यही वह भूमि है जहां से उन्होंने जनसेवा की पहली सीढ़ी चढ़ी।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए हैं। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर में पुल निर्माण और सड़कों के व्यापक नेटवर्क से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर का आधुनिक खेल स्टेडियम, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड का नया अस्पताल परिसर तैयार किया गया है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए साथी केंद्र, औद्योगिक विकास के लिए सिडकुल, और खटीमा-टनकपुर के बीच प्रस्तावित भव्य सैन्य स्मारक पर भी शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पंतनगर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भी संकल्पित है। राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं, वहीं जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के माध्यम से तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्या का समाधान किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्स के सेटेलाइट सेंटर और औद्योगिक विकास के लिए खुरपिया इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना की जा रही है।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उन्हें खटीमा के लोगों के स्नेह, विश्वास और सहयोग पर पूरा भरोसा है।