
स्थान- खटीमा जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड
रिपोर्टर : अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार शाम अपने गृह क्षेत्र खटीमा के बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाग किया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला नगला तराई खटीमा और उजालिकोट टनकपुर के बीच खेला गया।


पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला तराई खटीमा की टीम ने 108 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे उजालिकोट टनकपुर की टीम ने हासिल कर 03 विकेट से जीत दर्ज की।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं भी क्रिकेट खेलकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम ने विश्व कप जीतकर देश का मान बढ़ाया है, जिसके लिए उन्होंने सभी देशवासियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि अब खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ खेलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शरीर और मन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व का विकास करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है, जिससे आज भारतीय खिलाड़ी हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
देवभूमि उत्तराखंड अब धीरे-धीरे खेल भूमि के रूप में उभर रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

