हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 179 वाहनों के चालान

हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 179 वाहनों के चालान

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में ई-रिक्शा और तिपहिया वाहन चालकों की मनमानी पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के निर्देश पर जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने कुल 179 वाहनों के चालान किए। नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 21 वाहनों को सीज भी किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों और फिटनेस की भी जांच की गई।

अभियान में ई-रिक्शा और यात्री तिपहिया वाहनों पर विशेष फोकस रहा। परिवहन विभाग के मुताबिक 44 ई-रिक्शा और 38 यात्री तिपहिया वाहनों के खिलाफ विभिन्न अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान ओवरलोडिंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, बीमा नहीं होने, परमिट और टैक्स से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलते पाए गए।

परिवहन विभाग की टीमों ने हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़, रावली महदूद, चंडी चौक, बहादराबाद और एनएच-34 समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग की।

कार्रवाई के दौरान 65 वाहनों के दस्तावेज भी इम्पाउंड किए गए। विभाग ने वाहन संचालकों को स्पष्ट रूप से यातायात और परिवहन नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

अधिकारियों ने ई-रिक्शा और तिपहिया संचालकों को निर्देश दिए कि वाहन में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाई जाएं। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, परमिट, टैक्स और अन्य जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखे जाएं।

परिवहन विभाग ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।