शक्तिफार्म टैगोरनगर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में शोक की लहर

शक्तिफार्म टैगोरनगर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में शोक की लहर

स्थान: शक्तिफार्म उधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोर्ट

शक्तिफार्म टैगोरनगर से एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर–1 शक्तिफार्म टैगोरनगर निवासी राजू गाईन (उम्र लगभग 32 वर्ष) बीते कल शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।

आज सुबह करीब 10 बजे डॉली रेंज क्षेत्र में युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखे जाने की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस द्वारा पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मृतक अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गया है, जिनमें एक की उम्र 9 वर्ष और दूसरी की उम्र 3 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।