
स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दूरस्थ क्षेत्र धुमाकोट का दौरा कर तहसील सभागार में राजस्व विभाग और वन विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासन की उपस्थिति केवल कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों तक पहुंचे और आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।


जिलाधिकारी ने राजस्व उपनिरीक्षकों से कहा कि वे पटवारी चौकियों के साथ-साथ नियमित रूप से गांवों में भ्रमण करें, आपदा से हुई क्षति का आकलन कर संबंधित विभागों को समय पर जानकारी दें और सभी राजस्व पोर्टल अद्यतन रखें। उन्होंने निर्देश दिया कि पटवारी चौकी और गांव भ्रमण की तिथियां सार्वजनिक रूप से पटवारी चौकियों के बाहर चस्पा की जाएं। साथ ही खंड विकास अधिकारी ग्राम पंचायत अधिकारी का नाम और संपर्क विवरण भी सार्वजनिक करें, ताकि ग्रामीण सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकें।

स्वाति एस. भदौरिया ने उपजिलाधिकारी को पटवारी चौकियों में मरम्मत की आवश्यकता वाले स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए ताकि समय पर कार्य किया जा सके। उन्होंने खसरा–खतौनी, निर्वाचन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बीएलओ कार्यों, स्थायी निवास, आय प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री घोषणा, सीएम हेल्पलाइन, किसान सम्मान निधि, अतिक्रमण, आपदा क्षति और अवैध खनन जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों की भी समीक्षा की।


जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राहत कोष के चेक वितरण की स्थिति भी जानी और किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों का केवाईसी शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में चल रहे बड़े विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्माण एजेंसियों द्वारा कराए जा रहे सभी कार्यों की पूरी जानकारी रखने के भी निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता और समय पर कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।


