

स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


नए साल के आगाज के साथ ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में विकासनगर क्षेत्र स्थित आसन बैराज झील पर नववर्ष के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह और रौनक देखने को मिली।



ढालीपुर में स्थित आसन वेटलेंड कंजर्वेशन रिजर्व के नाम से प्रसिद्ध आसन झील वैसे तो साल भर पर्यटकों को आकर्षित करती है, लेकिन सर्दियों के मौसम में साइबेरिया समेत अन्य ठंडे देशों से आने वाले प्रवासी पक्षी यहां आने वाले सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाते हैं। नए साल के अवसर पर इन विदेशी पक्षियों के दीदार और झील में बोटिंग का आनंद लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे।



स्थानीय लोगों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने आसन झील का रुख किया और प्रकृति के बीच नए साल का जश्न मनाया। पर्यटकों ने परिवार और मित्रों के साथ समय बिताते हुए झील की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया।



वहीं, नए साल पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पर्यटकों और प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पर्यटक स्थल पर जगह-जगह सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

कुल मिलाकर, नए साल के जश्न के बीच विकासनगर की आसन बैराज झील एक बार फिर प्रकृति प्रेमियों और सैलानियों की पसंदीदा जगह बनकर उभरी, जहां लोग यादगार पलों के साथ नए साल की शुरुआत करते नजर आए।



