नववर्ष जश्न के दौरान हुड़दंगियों पर नैनीताल पुलिस का सख्त पहरा, 51 आरोपियों पर कार्रवाई

नववर्ष जश्न के दौरान हुड़दंगियों पर नैनीताल पुलिस का सख्त पहरा, 51 आरोपियों पर कार्रवाई

स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नववर्ष के जश्न के दौरान जनपद नैनीताल में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। जश्न की आड़ में हुड़दंग, शराबखोरी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को पुलिस ने सख्ती से निपटाया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं देर रात तक सड़कों पर मौजूद रहे और लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कानून व्यवस्था की कमान संभाले रखी। उन्होंने मौके पर उपस्थित रहकर अधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी।

नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने वाले 40 हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर हवालात भेजा गया, वहीं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 11 चालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि नववर्ष के दौरान आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही, जिसके चलते पूरे जनपद में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। नैनीताल पुलिस की इस सख्ती से जिले में नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।