हरिद्वार में भव्य पंचम संन्यास दीक्षा महोत्सव, संत समाज और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

हरिद्वार में भव्य पंचम संन्यास दीक्षा महोत्सव, संत समाज और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज का पंचम संन्यास दीक्षा महोत्सव पूरे वैदिक विधि-विधान और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। नववर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस दिव्य आयोजन में देशभर से संत, महात्मा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव से सराबोर नजर आया।

महोत्सव में विशेष रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भाई एवं एशियन फेडरेशन ऑफ कबड्डी के अध्यक्ष गुलाब सिंह सैनी ने शिरकत की। हरिद्वार पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद पंचम संन्यास दीक्षा महोत्सव में सहभागिता कर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर गुलाब सिंह सैनी ने कहा कि नव वर्ष की शुरुआत धर्मनगरी हरिद्वार में होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई।

कार्यक्रम के दौरान संत समाज ने सनातन परंपराओं, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और संतों के प्रवचनों से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। पंचम संन्यास दीक्षा महोत्सव ने हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को एक बार फिर सुदृढ़ किया और श्रद्धालुओं को धर्म, साधना और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।