सैलापानी के पास यात्री बस खाई में गिरी, छह की मौत, राहत कार्य जारी

सैलापानी के पास यात्री बस खाई में गिरी, छह की मौत, राहत कार्य जारी

स्थान – अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

तहसील क्षेत्र के विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक छह यात्रियों की मौत हो चुकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस रामनगर की ओर जा रही थी, लेकिन सैलापानी के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई। अब तक पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई। मृतकों की पहचान और पते का पता लगाने का कार्य प्रशासन द्वारा जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सक्रिय योगदान दिया। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है।

प्रशासन ने सभी यात्रियों और उनके परिजनों से सावधानी रखने की अपील की है और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।