देहरादून में नॉर्थ ईस्ट छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना, दोषियों को सख्त सजा देने का किया आश्वासन

देहरादून में नॉर्थ ईस्ट छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना, दोषियों को सख्त सजा देने का किया आश्वासन

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में अध्ययनरत नॉर्थ ईस्ट छात्र एंजेल चकमा की नृशंस हत्या की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक करार देते हुए दिवंगत छात्र के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक छात्र की मृत्यु नहीं है, बल्कि एक परिवार के सपनों और उम्मीदों का असमय अंत है। उन्होंने दिवंगत छात्र के पिताजी से भी बातचीत कर उत्तराखंड की जनता की ओर से संवेदनाएँ व्यक्त कीं और आश्वासन दिया कि उनके पुत्र के सभी हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस गंभीर प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित, संवेदनशील और सख्त कार्रवाई करते हुए अधिकांश आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिलाया जाएगा। उत्तराखंड सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य में देश के हर कोने से आने वाले छात्र सुरक्षित महसूस करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में अध्ययनरत नॉर्थ ईस्ट सहित सभी बाहरी राज्यों के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पुनः आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ खड़ी है और इस दुखद मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।