

स्थान – तिकोनिया
ब्यूरो रिपोर्ट


अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बुधपार्क तिकोनिया से एसडीएम कोर्ट तक मशाल जुलूस निकालते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने और मामले में शामिल वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग की।



प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो।



यूथ कांग्रेस नेताओं हेमंत साहू और विशाल भोजक ने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार की भूमिका संदिग्ध है और मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।


वहीं युवा नेत्री दीपा खत्री और अक्षत पाठक ने कहा कि जब तक अंकिता प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं होती और सभी दोषियों को फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक यूथ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर सौरभ कुमार, रक्षित बिष्ट, अमन अंसारी, बिलाल अहमद, भावेश कुरिया, खगेन्द्र मेहरा, नंदनी खत्री, शाहनवाज मालिक, मयंक गोस्वामी, शानू अल्वी, आयुष नागर, मोहम्मद शरिक, शोभित कुमार, गुरमीत गौतम, साहिल राज, उमंग पाठक, मेहुल साह, दीपक बिष्ट, मेहुल जोशी, पवन बिष्ट, हर्ष शर्मा, सुशील राय, गौरव सुपयाल, राहुल रावत, दीपू पांडे सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान लोगों में सरकार के रवैये को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।



