

स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। आरोप हैं कि इस सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने न केवल अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, बल्कि वहां खुलेआम शराब का अवैध कारोबार भी संचालित किया जा रहा है।



स्थानीय लोगों के अनुसार इस अवैध नशे के कारोबार के चलते बीते दिनों कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।



इसी क्रम में बुधवार को समाजसेवी विपिन पांडे ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने विभाग की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने और वहां चल रहे नशे के काले कारोबार को तत्काल ध्वस्त करने की मांग की।



विपिन पांडे ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो यह अवैध कारोबार और भी ज्यादा लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

अब देखना यह होगा कि ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्या पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा सकेगा या नहीं।



