

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चल रही वन विभाग की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस खुलकर विरोध में उतर आई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कोर्ट के आदेशों का सम्मान करने की बात कहते हुए राज्य सरकार पर आदेशों के पालन में लापरवाही और असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है।



गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार ने कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों को न तो पूरी जानकारी दी और न ही उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था या समाधान के बारे में अवगत कराया। इसके बजाय सीधे क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की भारी फोर्स भेज दी गई, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। इसी के चलते ऋषिकेश के कई इलाकों में लोग अपनी जमीन और घर बचाने के लिए सड़कों पर उतर आए।



इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़पें हुईं। रेलवे ट्रैक जाम के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार के इशारे पर निर्दोष लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है और उनकी गिरफ्तारी की जा रही है।



गणेश गोदियाल ने कोतवाली में हिरासत में लिए गए लोगों से मुलाकात न कराने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है और सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने फैसलों और निर्देशों पर पुनर्विचार नहीं किया और लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।

उल्लेखनीय है कि गणेश गोदियाल सोमवार को ऋषिकेश पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बापू ग्राम में पीड़ित लोगों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद वे ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत कर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।



