


स्थान – रानीखेत
रिपोर्ट – संजय जोशी


उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर नगर में जन आक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।



निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जन आक्रोश रैली विजय चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए आगे बढ़ी। रैली में शामिल कार्यकर्ता क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नारेबाजी और जनगीत गाते हुए चल रहे थे।



उक्रांद नेताओं ने रैली के माध्यम से सरकार से रानीखेत को जिला घोषित करने, ग्रामीण क्षेत्रों को गुलदार व अन्य जंगली जानवरों के आतंक से मुक्ति दिलाने, रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में न्यूरो और कार्डियो विशेषज्ञ की नियुक्ति, सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, गैरसैंण को शीघ्र स्थायी राजधानी घोषित करने, बेरोजगारी, पलायन, तथा मूलनिवास व भू-कानून जैसे मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।



जन आक्रोश रैली में उक्रांद के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, उक्रांद सलाहकार एवं वरिष्ठ नेता तुला सिंह तड़ियाल, आशुतोष नेगी, कुंदन सिंह नेगी, शिवराज सिंह मेहरा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उक्रांद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




