


स्थान – मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड की समृद्ध पाक परंपरा और लोक संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला उत्तराखंड फूड फेस्टिवल 2025 रविवार को मसूरी में भव्य समापन के साथ संपन्न हो गया। यह तीन दिवसीय आयोजन 26 से 28 दिसंबर तक चला, जिसका संयुक्त रूप से आयोजन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन देहरादून द्वारा किया गया।



फूड फेस्टिवल में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों ने देश-विदेश से आए पर्यटकों का खूब ध्यान खींचा। झंगोरे की खीर, भट्ट की चुड़कानी, मंडुए की रोटी जैसे पारंपरिक स्वादों के साथ-साथ स्थानीय सामग्री से बने फ्यूजन फूड भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।



महोत्सव के दौरान लोक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाइव बैंड परफॉर्मेंस ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।



समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देहरादून अभिनव शाह (आईएएस) ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय उद्यमियों, होमस्टे संचालकों और पर्यटन व्यवसाय को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। आयोजकों ने भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी जताई।




