हाईवे जाम पड़ा भारी: गुमानीवाला में 8 नामजद सहित 218 लोगों पर मुकदमा, पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

हाईवे जाम पड़ा भारी: गुमानीवाला में 8 नामजद सहित 218 लोगों पर मुकदमा, पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वन विभाग से संबंधित भूमि की नाप-जोख के लिए गुमानीवाला पहुंची वन विभाग और प्रशासन की टीम का विरोध करना स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया। हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने 8 मुख्य नेताओं सहित 218 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि मामले में जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि 27 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम मालवीय नगर और अमितग्राम क्षेत्र में वन भूमि की नाप-तौल करने पहुंची थी। टीम के मौके पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और प्रदर्शनकारियों ने श्यामपुर बाइपास को दोपहर करीब 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पूरी तरह जाम कर दिया।

करीब तीन घंटे तक लगे जाम के कारण हाईवे पर एम्बुलेंस, पर्यटक वाहनों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कानून व्यवस्था प्रभावित होने और आम जनता को असुविधा होने के चलते पुलिस ने मामले में सख्त रुख अपनाया है।

रायवाला थाने में तैनात एसएसआई मनवर सिंह नेगी की तहरीर पर जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें
मोहन सिंह असवाल, वीरेंद्र रमोला, विनोद नाथ, हिमांशु पंवार, लालमणि रतूड़ी, निर्मला उनियाल, ऊषा चौहान और सचिन रावत शामिल हैं। इसके अलावा 210 अज्ञात महिला और पुरुषों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सबूत के तौर पर मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्कूटियों और अन्य वाहनों के नंबर भी नोट किए हैं।

इस संबंध में कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने बताया कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने और आम नागरिकों को परेशान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही गिरफ्तारियां तथा आगे की कार्रवाई की जाएगी।