अंकिता भंडारी हत्याकांड: शिवालिक नगर चौक पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि

अंकिता भंडारी हत्याकांड: शिवालिक नगर चौक पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवालिक नगर चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश महासचिव महेश प्रताप राणा ने किया।

धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए महेश प्रताप राणा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा पूरी तरह जनता के सामने उजागर कर दिया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में उत्तराखंड की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कथित ऑडियो में जिन नामों का खुलासा हुआ है, उनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

इस मौके पर कांग्रेस नेता राजवीर चौहान और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।

वहीं अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि और पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने दो टूक कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का जनआंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मामले की सीटिंग जज की निगरानी में जांच कराए जाने की मांग दोहराई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और न्याय की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।