

स्थान – औली
ब्यूरो रिपोर्ट


सीमांत जनपद चमोली के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बुधवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। हाथी-घोड़ी पालकी सहित नीलगिरी पर्वत क्षेत्र में सीजन का पहला हल्का हिमपात होने से निचले इलाकों में कोल्ड वेव और शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है।




पहली बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबारियों और पर्यटकों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि 31 दिसंबर और नववर्ष का स्वागत औली समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के बीच होने की संभावना बनती नजर आ रही है। इससे विंटर टूरिज्म को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।



पर्यटन नगरी औली में बुधवार को भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। करीब 1500 से अधिक पर्यटकों ने औली और गोरसों बुग्याल की वादियों का दीदार किया। वहीं 1328 पर्यटकों ने GMVN की चेयर लिफ्ट राइड का आनंद लिया और एडवेंचर गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा तो नववर्ष के दौरान औली, गोरसों बुग्याल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा देखने को मिलेगा, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को बड़ा लाभ होगा।



