धान खरीदी को लेकर जसपुर में किसानों का प्रदर्शन आमरण अनशन में बदला, प्रशासन के आश्वासन पर खत्म

धान खरीदी को लेकर जसपुर में किसानों का प्रदर्शन आमरण अनशन में बदला, प्रशासन के आश्वासन पर खत्म

स्थान – जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

धान खरीदी में हो रही अनियमितताओं को लेकर जसपुर में किसानों का आक्रोश सोमवार को उस समय और बढ़ गया, जब भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेतृत्व में चल रहा धरना प्रदर्शन आमरण अनशन में तब्दील हो गया। यह धरना एसडीएम कार्यालय के सामने शुरू किया गया था, लेकिन काफी समय तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

अधिकारियों की अनुपस्थिति से गुस्साए किसानों ने धरना स्थल से हटकर एनएच-74 स्थित झंडा चौक पर खुले आसमान के नीचे आमरण अनशन शुरू कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई।

आमरण अनशन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और किसानों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारू रखने में जुट गया। इसी बीच भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष व टीम के पहुंचने से प्रशासन में हड़कंप मच गया

सूचना पाकर काशीपुर के सीओ दीपक कुमार प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और किसान नेताओं से बातचीत कर प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की, लेकिन किसानों के अडिग रुख के चलते वार्ता विफल होती नजर आई।

लगातार प्रयासों के बाद सीओ काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने किसानों को मंडी परिसर में धान खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही भारतीय खाद्य विभाग द्वारा धान खरीद पोर्टल बढ़ाने, मंडी परिसर में पड़ी धान फसल की तौल कराने और दोषी एसएमआई के भ्रष्टाचार की जांच कर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

प्रशासन के इन ठोस आश्वासनों के बाद किसानों ने आमरण अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया और अनशन पर बैठे जगदीप सिंह भुल्लर का अनशन तुड़वाया गया। इसके साथ ही धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया।