

भारतीय राजनीति के पुरोधा एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा श्रीनगर में अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि विचारों की दृढ़ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में देश ने राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक सुधार और वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान हासिल की।




पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल रावत ने अपने उद्बोधन में अटल जी के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन सादगी, सहनशीलता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिससे वर्तमान और आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।



इस अवसर पर राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित जिले के पांचों मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना रहा।




