बारोटीवाला–मेहुवाला मार्ग पर नवनिर्मित पुल का लोकार्पण, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार

बारोटीवाला–मेहुवाला मार्ग पर नवनिर्मित पुल का लोकार्पण, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार

स्थान – विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर के बारोटीवाला–मेहुवाला मार्ग पर लंबे समय से प्रतीक्षित पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने विधिवत रूप से इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर नवनिर्मित सेतु को आम जनता को समर्पित किया।

विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 9 पर निर्मित यह आधुनिक प्लेट गर्डर सेतु अब पूरी तरह से आवागमन के लिए खोल दिया गया है। 20 मीटर स्पैन वाले इस पुल का निर्माण लगभग ₹219 लाख की लागत से किया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। यह सेतु स्थानीय ग्रामीणों के लिए आवागमन को आसान बनाएगा और क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि इससे रोजगार, व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं को भी बल मिलेगा। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि विधानसभा क्षेत्र में स्थित अन्य जर्जर पुलों और पुलियाओं के नवनिर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय लोगों ने पुल के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया और सरकार व जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।