

स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की कथित निर्मम हत्या को लेकर देशभर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को बजरंग दल के आह्वान पर हिंदू समाज ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।



बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित पाल ने बताया कि हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित रूप से कट्टरपंथी तत्वों द्वारा सार्वजनिक रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के बाद युवक के शव को पेड़ से लटकाकर जलाया गया, जिससे हिंदू समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।



इसी घटना के विरोध में बजरंग दल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू लगातार हिंसा और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।


प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।




