पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, औली में बढ़ी सर्दी, विंटर टूरिज्म ने पकड़ी रफ्तार

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, औली में बढ़ी सर्दी, विंटर टूरिज्म ने पकड़ी रफ्तार

स्थान – ज्योतिर्मठ
ब्यूरो रिपोर्ट

सूबे के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को दिन की शुरुआत घने बादलों से घिरी सुबह के साथ हुई। मौसम में आए इस बदलाव से जहां पर्यटन कारोबारियों को बर्फबारी की उम्मीद जगी है, वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी कोल्ड वेव अलर्ट के बीच विंटर डेस्टिनेशन औली में शीतकालीन पर्यटन रफ्तार पकड़ने लगा है

बर्फबारी की संभावना को देखते हुए औली सहित कुंवारी पास ट्रैक रूट पर पर्यटकों की आवाजाही में इजाफा हुआ है। विंटर सेलिब्रेशन और क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए गुरुवार को औली पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 723 पर्यटकों ने GMVN औली की चेयर लिफ्ट राइड का आनंद लिया, जबकि 200 से अधिक पर्यटकों ने औली-गोरसों बुग्याल की वादियों में डे-हाइकिंग कर प्रकृति के खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाया।

वहीं, कुंवारी पास ट्रैक रूट पर भी करीब 700 से अधिक पर्यटकों ने विभिन्न कैंप साइट्स पर रुककर जश्न मनाया। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि मौजूदा मौसम और बर्फबारी की संभावनाओं को देखते हुए न्यू ईयर सेलिब्रेशन तक पर्यटकों की यह भीड़ लगातार बनी रहने की उम्मीद है