लेखक गांव थानो में आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

लेखक गांव थानो में आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर लेखक गांव थानो, देहरादून में आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का दर्जा दिलाने वाले अटल बिहारी वाजपेयी ही थे। उन्होंने कहा कि यह व्याख्यान माला अटल जी के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठ भावना को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी का देवभूमि उत्तराखंड से अत्यंत आत्मीय और गहरा लगाव था। उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उत्तराखंड राज्य की स्थापना कर वर्षों पुराने जनआंदोलन और सपनों को साकार किया

सीएम धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के माध्यम से अटल जी के विचारों को आत्मसात करने और उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।