

स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड की शांत वादियों में रोज़ी-रोटी की तलाश में आए कश्मीर के एक गरीब फेरीवाले के साथ काशीपुर के मानपुर रोड क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। परिवार के भरण-पोषण के लिए फेरी लगाकर जीवन यापन कर रहे युवक को कुछ शरारती तत्वों ने जबरन धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई।



घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।



एसएसपी के आदेश पर कोतवाली काशीपुर में आरोपियों के खिलाफ FIR संख्या 517/25 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 351(3), 352, 304, 62, 292 एवं 126(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।


पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, नफरत फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। किसी भी कीमत पर ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि नफरत और हिंसा का कोई स्थान नहीं है और कानून सभी के लिए समान है।



