नैनीताल में हिट एंड रन से हड़कंप, बेकाबू कार ने मजदूरों को रौंदा

नैनीताल में हिट एंड रन से हड़कंप, बेकाबू कार ने मजदूरों को रौंदा

स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल शहर की सड़कों पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हिट एंड रन मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। फांसी गदेरे क्षेत्र में एक तेज़ रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे जा रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोग किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे की है। तल्लीताल ढांठ यानी गांधी चौक की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे मजदूरों को कुचलती चली गई। हादसे में मोहन राम, बिहारी लाल और राजू घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बाल-बाल बच गए। आरोप है कि कार चला रहा व्यक्ति एक पुलिस कर्मी था, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस को कार तो मिल गई, लेकिन चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मी को हिरासत में ले लिया है तथा उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब कानून का पालन कराने वाला ही कानून तोड़े, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।