


स्थान – हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज


हरिद्वार जनपद के लक्सर फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट पेशी के लिए ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।



घटना उस वक्त हुई, जब विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट पेशी के लिए लाया जा रहा था। लक्सर फ्लाईओवर के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण जाम लग गया। पुलिसकर्मी जब जाम खुलवाने में जुटे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।



गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए विनय त्यागी और दो पुलिसकर्मियों को तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया।



एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि अभियुक्त विनय त्यागी को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट पेशी के लिए लाया जा रहा था। फ्लाईओवर पर जाम के दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त को 2 से 3 गोलियां लगीं। उन्होंने पुलिस वाहन चालक की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि चालक ने हालात की गंभीरता को समझते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

एसएसपी ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।



