चंपावत में गुलदार का आतंक, वन विभाग अलर्ट मोड पर

चंपावत में गुलदार का आतंक, वन विभाग अलर्ट मोड पर

स्थान: चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक गुलदार ने जिले में दो लोगों की जान ले ली है और सैकड़ों मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसके कारण जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

भले ही स्थिति गंभीर हो, लेकिन अभी तक आदर्श जिला चंपावत में डीएफओ की तैनाती नहीं की गई है। इस मामले में भाजपा के दिग्गज नेता एवं दर्जा राज्य मंत्री, वन एवं पर्यावरण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडे ने कहा कि धामी सरकार जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में तेंदुओं और गुलदारों के हमलों को लेकर गंभीर है।

उन्होंने बताया कि वन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है और वन कर्मियों द्वारा गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गस्त की जा रही है। जगह-जगह पिंजरे लगाए गए हैं और वन विभाग ग्रामीणों को लगातार जागरूक कर रहा है। इसके अलावा तीन गुलदार वन विभाग के पिंजरे में कैद भी किए जा चुके हैं।

दर्जा राज्य मंत्री पांडे ने कहा कि जल्द ही जिले में डीएफओ की तैनाती की जाएगी। उन्होंने गुलदार प्रभावित क्षेत्र के लोगों से भी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की और कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है।