

स्थान – रूड़की

ब्यूरो रिपोर्ट


नगर पंचायत इमलीखेड़ा को आज विकास की एक बड़ी सौगात मिली। करीब 54 लाख 6 हजार रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे रजत जयंती पार्क का विधिवत और भव्य उद्घाटन किया गया। यह पार्क न सिर्फ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि आमजन को स्वास्थ्य और मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा।



उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, अधिशासी अधिकारी और सभी सभासद मौजूद रहे। पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसमें बच्चों के लिए आकर्षक झूले, युवाओं के लिए बैडमिंटन कोर्ट, साथ ही हरियाली और फुहारों की व्यवस्था की जा रही है। पार्क का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग यहां समय बिताकर सुकून और ताजगी महसूस कर सकें।



नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने कहा कि रजत जयंती पार्क का निर्माण इमलीखेड़ा के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर पंचायत का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


वहीं, नगरवासियों में पार्क को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पार्क के बनने से बच्चों को खेलने की सुरक्षित जगह मिलेगी और बुजुर्गों को टहलने व आराम करने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।

कुल मिलाकर, रजत जयंती पार्क इमलीखेड़ा के विकास का नया प्रतीक बनकर उभरा है, जो आने वाले समय में नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सुकून का केंद्र साबित होगा।




