रुद्रपुर को नशामुक्त बनाने की दिशा में महापौर की पहल, व्यापारी ने बंद की तंबाकू बिक्री

रुद्रपुर को नशामुक्त बनाने की दिशा में महापौर की पहल, व्यापारी ने बंद की तंबाकू बिक्री

स्थान – रुद्रपुर

ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रपुर महानगर को स्मार्ट सिटी के साथ-साथ स्वस्थ और नशामुक्त बनाने की दिशा में महापौर विकास शर्मा की पहल लगातार असर दिखा रही है। महापौर के आग्रह पर आरटीओ कार्यालय के समीप स्थित एक कारोबारी ने अपनी दुकान पर सिगरेट और सभी तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी। इस सराहनीय कदम के लिए महापौर ने संबंधित व्यापारी को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया और आमजन से इस पहल से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

दरअसल, महापौर विकास शर्मा नियमित रूप से स्टेडियम रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। इस दौरान उन्होंने कई बार देखा कि एक दुकान के बाहर लोग सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन कर रहे हैं, जिससे न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा था बल्कि कानून का भी उल्लंघन हो रहा था। इस पर महापौर ने व्यापारी से संवाद कर उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून की जानकारी दी और सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए तंबाकू उत्पादों की बिक्री बंद करने का आग्रह किया।

महापौर के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए व्यापारी ने अपनी दुकान से सभी तंबाकू उत्पाद हटा दिए और स्वयं भी धूम्रपान न करने का संकल्प लिया। इस सकारात्मक निर्णय को समाज में बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम बताते हुए महापौर विकास शर्मा ने व्यापारी का सम्मान किया और घोषणा की कि नगर निगम के आगामी आधिकारिक कार्यक्रम में भी उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर को स्मार्ट बनाना नहीं, बल्कि उसे स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना भी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाए जा रहे “नशामुक्त देवभूमि अभियान” को नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहा है।

महापौर ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर न्यायालय का स्पष्ट प्रतिबंध है, इसके बावजूद कई लोग या तो कानून से अनजान हैं या जानबूझकर उल्लंघन करते हैं। आने वाले दिनों में नगर निगम इस विषय पर सख्ती से कार्रवाई करेगा। साथ ही कुछ ऐसे स्थान भी चिन्हित किए जाएंगे, जहां नियमानुसार धूम्रपान की अनुमति होगी। इसके अलावा, नशे के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

महापौर ने व्यापारी मनोज शर्मा के फैसले को साहसिक और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यदि समाज का हर नागरिक इसी तरह जिम्मेदारी निभाए, तो नशामुक्त और स्वस्थ रुद्रपुर का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।