जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों को लेकर ग्रामीणों का वन विभाग कार्यालय पर घेराव

जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों को लेकर ग्रामीणों का वन विभाग कार्यालय पर घेराव

स्थान – भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरीश पनेरु के नेतृत्व में भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने आज मुख्य वन संरक्षक/प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय का घेराव कर जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों और उससे हो रहे नुकसान को लेकर ज्ञापन सौंपा

हरीश पनेरु ने बताया कि भीमताल विधानसभा के विकासखंड ओखलकांडा, धारी और रामगढ़ क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। इन हमलों में जहां जनहानि हो रही है, वहीं फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इससे ग्रामीण खेती छोड़ने को मजबूर हैं और पलायन की स्थिति बन रही है।

उन्होंने कहा कि धानाचूली क्षेत्र के क्वैदल ग्राम सभा में बाघ और भालू की सक्रियता से लोगों में भारी दहशत है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चे भी डर के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इस पर वन संरक्षक कुमाऊं मंडल ने स्कूली बच्चों के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों के कार्यालय में हंगामा करने पर मुख्य वन संरक्षक अपनी शासकीय बैठक छोड़कर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

इस धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान किरण देवी, गोविंद बिष्ट, हरिश्चंद्र आर्य, धन सिंह, बालम सिंह, खीमा देवी, हिमानी बिष्ट, जयंती देवी, रोहित बिष्ट, मीना आर्या, चंदन बिष्ट और आनंद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जंगली जानवरों से सुरक्षा और मुआवजे की ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।