


स्थान – ज्योतिर्मठ

ब्यूरो रिपोर्ट


नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा को लेकर विद्यालयी छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ की कक्षा 11वीं और 12वीं की करीब 50 छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और वन विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद कर पर्यावरण संरक्षण तथा पारिस्थितिकी प्रबंधन की महत्वपूर्ण बारीकियों को समझा।



कार्यक्रम में नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की वन क्षेत्राधिकारी श्रीमती चेतना कांडपाल ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने ‘इको विकास समिति भ्यूंडार’ के गठन, उसकी कार्यप्रणाली और स्थानीय आजीविका के साथ-साथ संरक्षण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से वनों और जैव विविधता को सुरक्षित रखा जा सकता है।



इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) श्रीमती सुमन ने भी छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें भविष्य में पर्यावरण प्रहरी के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को कम करने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान मानव–वन्यजीव सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘क्या करें और क्या न करें’ विषय पर आधारित एक सूचनात्मक पोस्टर का विमोचन कर विद्यालय को भेंट किया गया। वन क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को वन क्षेत्रों के आसपास रहते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


यह कार्यक्रम भूगोल प्रवक्ता एवं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती पुष्पा फर्स्वाण तथा एल.टी. हिंदी शिक्षिका श्रीमती सुमित्रा राणा के समन्वय में संपन्न हुआ। शिक्षिकाओं ने वन विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम छात्राओं में प्रकृति, पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव पैदा करते हैं।


कार्यक्रम में कॉलेज की सभी 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


