

स्थान – अल्मोड़ा

रिपोर्ट : संजय जोशी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा पहुंचकर हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और प्रसिद्ध कोच लियाकत अली ख़ान को सम्मानित भी किया गया।



मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, आम जनता और विद्यालय के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद अल्मोड़ा के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है।



मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि सोबन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटों के साथ 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। बेस अस्पताल में कार्डियक केयर यूनिट की शुरुआत की गई है, जबकि 5 करोड़ रुपये की लागत से महिला चिकित्सालय का उन्नयन कार्य प्रगति पर है।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत जागेश्वर धाम सहित अल्मोड़ा जनपद के अन्य ऐतिहासिक मंदिरों का सुधारीकरण और विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
शहरी विकास की दिशा में मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 21 वाहन पार्किंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना की गई है, जिसे सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।



खेल सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 50 बेड क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा। इसके अलावा स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बैडमिंटन कोर्ट का पुनर्निर्माण और हैंडबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। जीआईसी खेल मैदान में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन-रात उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल मैदान भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के हित में राजकीय सेवाओं में चार प्रतिशत खेल कोटा पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार देकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है।

पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को मजबूत करने को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पिछले चार वर्षों में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। 400 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–पौड़ी–रुद्रप्रयाग सड़क और 922 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण कार्य को स्वीकृति दी गई है। उड़ान योजना के अंतर्गत अल्मोड़ा में हेली सेवा शुरू की गई है, जिससे पर्यटन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जाएगा, जिसके तहत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना होगी। इन अकादमियों में 920 विश्वस्तरीय एथलीटों सहित लगभग 1000 अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नगर निगम मेयर अजय वर्मा, महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



