नैनीताल में विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और नववर्ष को लेकर प्रशासन अलर्ट, यातायात और व्यवस्थाएं बनीं बड़ी चुनौती

नैनीताल में विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और नववर्ष को लेकर प्रशासन अलर्ट, यातायात और व्यवस्थाएं बनीं बड़ी चुनौती

स्थान -हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले में आने वाले दो सप्ताह प्रशासन और पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और 31 दिसंबर के साथ ही शीतकालीन पर्यटन के जोरदार आगाज को देखते हुए जिले में भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था से लेकर पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी बन गया है।

हर वर्ष क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर नैनीताल देश-विदेश के पर्यटकों से गुलजार रहता है। हजारों की संख्या में सैलानी यहां घूमने, ठंड और जश्न का आनंद लेने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि शहर में जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस प्रशासन सभी संबंधित अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन बैठक कर चुका है। ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था, वन-वे सिस्टम और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वहीं जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने और निर्धारित रेट लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पर्यटकों से किसी तरह की मनमानी वसूली न हो। उन्होंने कहा कि नैनीताल में आने वाले पर्यटकों का स्वागत ‘अतिथि भावना’ के साथ किया जाएगा और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि विंटर कार्निवाल और त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, ठहरने और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से नैनीताल में शीतकालीन पर्यटन को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।