

स्थान – रानीपोखरी
ब्यूरो रिपोर्ट


थाना रानीपोखरी क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।



जानकारी के अनुसार, घटना 16 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे हुई। मनोज सिंह, निवासी थानो जंगलात चौकी ने थाना रानीपोखरी में लिखित तहरीर दी थी कि उनकी माता सरोजनी देवी जंगल से घास काटकर थानो–रायपुर मार्ग से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और जंगल की ओर फरार हो गया।



घटना के आधार पर थाना रानीपोखरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने क्षेत्र में गश्त बढ़ाई, संदिग्धों की चेकिंग की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।



पुलिस ने शनिवार को जाखन नदी पुल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम शिवनाथ, अविनाश और मिर्जा, निवासी सपेरा बस्ती भानियावाला, थाना डोईवाला बताए। तलाशी के दौरान मिर्जा के कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आपसी साजिश के तहत महिला से मंगलसूत्र झपटमारी की थी।

अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।



