बाजपुर में बिना मान्यता चल रहे ग्रीन वैली स्कूल पर एसडीएम का छापा, कई खामियां उजागर

बाजपुर में बिना मान्यता चल रहे ग्रीन वैली स्कूल पर एसडीएम का छापा, कई खामियां उजागर

स्थान -बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

बाजपुर क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित किए जा रहे ग्रीन वैली स्कूल पर एसडीएम बाजपुर अमृता शर्मा ने औचक छापा मारकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान स्कूल संचालन में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे शिक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच में पाया गया कि बिना मान्यता के चल रहे इस स्कूल में कक्षा एक से सात तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जबकि विद्यालय में मात्र चार शिक्षक ही नियुक्त हैं। इसके अलावा केवल तीन कमरों में ही पूरे स्कूल का संचालन किया जा रहा था, जो निर्धारित शैक्षिक मानकों के बिल्कुल विपरीत है।

एसडीएम अमृता शर्मा ने मौके पर मौजूद स्टाफ से आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन स्कूल प्रबंधन मान्यता से संबंधित कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया यह साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया।

इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि इतने लंबे समय से बिना मान्यता स्कूल का संचालन कैसे होता रहा। इसे विभागीय लापरवाही कहा जाए या फिर मिलीभगत, इस पर अब जांच की जरूरत है। जिस तरह से स्कूल का संचालन किया जा रहा था, उससे बच्चों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ होने की आशंका जताई जा रही है।

एसडीएम ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित शिक्षा विभाग से रिपोर्ट तलब करने और आगे की कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।