


स्थान -ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


नशा तस्करी की कमर तोड़ने के लिए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और नशे के काले कारोबार के मास्टरमाइंड गुरुचरण को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुचरण कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में कुल 49 मुकदमे दर्ज हैं।



पुलिस के अनुसार, गुरुचरण हर बार जेल से बाहर आने के बाद अपने गुर्गों के जरिए ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम करता रहा है। वह लंबे समय से नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क का संचालन कर रहा था।



एसपी जया बलूनी ने बताया कि एसएसपी अजय सिंह के सख्त निर्देशों के बाद ऋषिकेश पुलिस ने गुरुचरण के पूरे आपराधिक इतिहास और उसके सक्रिय नेटवर्क का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि सामान्य धाराओं के तहत उसे काबू में करना प्रभावी नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उस पर PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्णय लिया।



इसके लिए पुलिस टीम ने गुरुचरण के खिलाफ विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी के माध्यम से उत्तराखंड शासन को भेजी। शासन से अनुमति मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

एसपी जया बलूनी ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथ उस तक जरूर पहुंचते हैं। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।


गुरुचरण की इस गिरफ्तारी से नशे के अन्य सौदागरों और उसके नेटवर्क में शामिल गुर्गों में खलबली मच गई है। पुलिस की इस सख्त रणनीति से साफ संदेश गया है कि जो भी आदतन नशा तस्करी में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कानूनों के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा जाएगा।



