रानीखेत में सशस्त्र सीमा बल का 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

रानीखेत में सशस्त्र सीमा बल का 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

स्थान -रानीखेत
रिपोर्ट- संजय जोशी

सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रानीखेत में 62वां स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार ने सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ हुआ। उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार द्वारा पुष्पचक्र अर्पित किए जाने के दौरान वातावरण “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात जवानों द्वारा शहीदों को सलामी दी गई।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार ने अपने संबोधन में सशस्त्र सीमा बल के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एसएसबी ने सीमा सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक कल्याण, राहत एवं बचाव कार्यों में भी सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने जवानों से सेवा, सुरक्षा और भाईचारे के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए देश की अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर सीमांत रानीखेत को बल मुख्यालय द्वारा नागरिक कल्याण एवं राहत व बचाव कार्यों के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई। उप महानिरीक्षक ने बताया कि अमित कुमार, महानिरीक्षक सीमांत रानीखेत को डीजी स्वर्ण डिस्क (एक स्टार) के साथ एक डीजी स्वर्ण डिस्क, 23 सिल्वर डिस्क और एक पुलिस आंतरिक सेवा पदक प्राप्त होना सीमांत रानीखेत की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए सीमांत मुख्यालय में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य बल के भीतर टीम भावना, शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता के विजेताओं को उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही सीमांत मुख्यालय रानीखेत में बड़ेखाने का भी आयोजन किया गया।

समारोह में डी.बी. सोनार (उप महानिरीक्षक), जयंत कुमार शर्मा (कमांडेंट), अनिल कुमार जोशी (उप कमांडेंट), श्री प्रभाकर (उप कमांडेंट), राहुल राय (सहायक कमांडेंट) सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं समस्त बल कार्मिक उपस्थित रहे।