

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट



महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फैसले को तुगलकी फरमान करार दिया।




प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों, ग्रामीण गरीबों के अधिकार और उनके सम्मान से जुड़ी सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम में बदलाव करना गांधी जी की विचारधारा और मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है।




कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी नीतियां अपना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक इसका विरोध करेगी।




