हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखण्ड
ब्यूरो रिपोर्ट

थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए कुल 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान के दौरान पहले दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर पेंटागन मॉल के पीछे कूड़े के ढेर के पास छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। वहीं, इस मामले में दो अन्य शातिर वाहन चोरों को भी गिरफ्तार किया गया है।

बरामद की गई मोटरसाइकिलें हरिद्वार सहित अन्य जनपदों से चोरी की गई थीं। पुलिस अब चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर वाहनों के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।

इस सफल कार्रवाई के बाद उन 14 परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है, जिनकी मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।