सितारगंज में प्रसव के दौरान महिला की मौत, अस्पताल में हंगामा, लापरवाही का आरोप

सितारगंज में प्रसव के दौरान महिला की मौत, अस्पताल में हंगामा, लापरवाही का आरोप

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर आंसरी

सितारगंज में प्रसव पीड़ा के दौरान एक महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। देखते ही देखते महिला के परिजन और ग्रामीण सैकड़ों की संख्या में उमरिया रोड स्थित केयर अस्पताल पहुंच गए और महिला के शव को अस्पताल के गेट पर रखकर रोते-बिलखते हुए प्रदर्शन करने लगे। आक्रोशित लोगों ने डॉक्टर जेबा मलिक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मृतका की पहचान कल्याणपुर क्षेत्र की 25 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है, जो प्रसव पीड़ा के दौरान केयर अस्पताल लाई गई थी। परिजनों का आरोप है कि उप जिला चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर जेबा मलिक की लापरवाही के कारण उर्मिला देवी की मौत हुई। घटना के बाद से डॉक्टर जेबा मलिक अस्पताल से नदारद बताई जा रही हैं।

हंगामा बढ़ने के दौरान भीड़ ने एक डॉक्टर को पकड़कर घसीटते हुए सड़क पर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन कोतवाल सुंदरम शर्मा की तत्परता और सूझबूझ से डॉक्टर को आक्रोशित भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार, स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी और किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी।

पूरे दिन अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालात को काबू में रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर जेबा मलिक छह माह की छुट्टी पर होने के बावजूद निजी केयर अस्पताल में डिलीवरी का केस ले रही थीं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।