

स्थान:लोहाघाट(चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले में भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना के नाम और नियम बदलने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में लोहाघाट के गांधी पार्क में आयोजित धरने में कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने योजना में बदलाव को लेकर आक्रोश जताया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।




कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल और प्रवक्ता शैलेंद्र राय ने कहा कि मनरेगा योजना देश के करोड़ों ग्रामीणों को रोजगार प्रदान कर रही थी, लेकिन भाजपा सरकार ने साजिश के तहत योजना का नाम और नियम बदल दिए हैं। पहले योजना में 90% धनराशि केंद्र सरकार और 10% राज्य सरकार द्वारा दी जाती थी, जबकि अब भाजपा सरकार ने इसे 60% केंद्र और 40% राज्य सरकार का कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उत्तराखंड की सरकार इतनी सक्षम है कि योजना का 40% वहन कर पाए।



कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धीरे-धीरे कांग्रेस द्वारा संचालित योजनाओं को समाप्त कर रही है और महापुरुषों का अपमान कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मनरेगा योजना को पूर्व की तरह महात्मा गांधी के नाम से संचालित नहीं किया गया, तो कांग्रेस पूरे देश में इसका विरोध करते हुए जोरदार आंदोलन करेगी।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा शासन में जन समस्याएं गायब हो चुकी हैं, धर्म और राजनीति के खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है, और महंगाई व बेरोजगारी चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीणों को रोजगार देने वाली योजनाओं को बंद करने की साजिश कर रही है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।


धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी के निर्देश पर भाजपा सरकार के खिलाफ धरने और प्रदर्शन जारी रहेंगे।


