

स्थान : देहरादून
ब्ब्यूरो रिपोर्ट


भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद उत्तराखंड भाजपा में नए उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी इसे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रही है। उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री कुंदन परिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर युवा चेहरे को जिम्मेदारी सौंपे जाने को भविष्य की राजनीति के लिए सकारात्मक संकेत बताया है।




कुंदन परिहार ने कहा कि युवा नेतृत्व को आगे लाने से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती आएगी। उन्होंने इसे सीधे तौर पर 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए कहा कि युवा नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा राज्य में पहले से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।



उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में भाजपा के पास जितनी विधानसभा सीटें हैं, उससे कहीं अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी मजबूत जनादेश के साथ सरकार बनाएगी। संगठन महामंत्री ने कहा कि भाजपा जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच जाने की रणनीति पर काम कर रही है।




भाजपा नेतृत्व का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर लिए गए संगठनात्मक फैसलों का सकारात्मक असर राज्य की राजनीति पर भी पड़ेगा और इसका लाभ आगामी चुनावों में पार्टी को मिलेगा।


